प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार
महापौर ने 306 हितग्राहियों को प्रदान किया आवासगृह
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 मोर जमीन- मोर मकान के अंतर्गत निगम कार्यालय साकेत भवन में महापौर श्रीमती संजूदेवी देवी राजपूत ने बी.एल.सी. घटक के 306 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन निर्माण अनुमति पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती राजपूत ने हितग्राहियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समाज के सभी वर्ग के लोगों के साथ-साथ विशेष रूप से गरीब, निर्धन व आर्थिक रूप से पिछड़े हुए लोगों के उत्थान के लिए उनका जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के परिणाम स्वरूप देश के करोड़ों लोगों को पक्के मकान मिल चुके हैं तथा करोड़ों लोगों को आगे भी पक्के व सर्वसुविधायुक्त मकान मिलेंगे। देश का कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं रहेगा जिसके पास अपना खुद का पक्का मकान न हों।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सत्ता की बागडोर संभालते ही छत्तीसगढ़ के 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति दी थी, उन्हें साधुवाद है कि उनके द्वारा मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के अंतर्गत 32850 रूपये की अतिरिक्त राशि ऐसे हितग्राहियों को दी जा रही है, जिनके द्वारा 18 माह के अंदर भवन का निर्माण कार्य पूरा किया जावेगा।
इस अवसर वरिष्ठ पार्षद एवं निगम के पूर्व सभापति अशोक चावलानी, एम.आई.सी. सदस्य अजय गोंड़, ममता यादव, पार्षद पंकज देवांगन, रूबीदेवी सागर, धनश्रीअजय साहू, उर्वशी राठौर, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता व नोडल अधिकारी सुरेश बरूआ उपस्थित थे। महापौर श्रीमती राजपूत ने हितग्राहियों को बधाई व शुभकामनाएं दी तथा समयसीमा में मकानों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर निर्माण कार्य पूर्ण करने की सलाह हितग्राहियों को दी।
कोरबा को मिला प्रथम स्थान
वरिष्ठ पार्षद व पूर्व सभापति अशोक चावलानी ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की ओर से आप सबको आवासगृहों हेतु बधाई व शुभकामनाएं देता हूॅं। उन्होने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के बी.एल.सी. घटक के कार्यो हेतु कोरबा को पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके लिए मैं निगम के संबंधित अधिकारी कर्मचारियों साधुवाद देता हूॅं।
मकान निर्माण के लिए ढाई लाख
आयुक्त विनय मिश्रा ने बताया कि हितग्राहियों को आवासगृह निर्माण हेतु शासन से 02 लाख 50 हजार रूपये की राशि प्राप्त होगी जो चार किश्तों में दी जाएगी। प्रथम किश्त में 63 हजार रूपये, द्वितीय किश्त में 87 हजार रूपये, तृतीय किश्त में 65 हजार रूपये एवं चतुर्थ किश्त में 35 हजार रूपये की राशि हितग्राहियों को प्राप्त होगी। उन्होने बताया कि इसके अतिरिक्त 18 माह के अंदर उनके द्वारा आवासगृह का निर्माण पूर्ण कर लेने पर छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजनांतर्गत 32850 रूपये की अतिरिक्त राशि भी हितग्राहियों के मिलेगी।

