चेहरे पर पोती कालिख व लिपस्टिक, आरोपी ने कान पकड़कर मांगी माफी, बोला- बहन माफ करो
रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने महिला आरक्षक पर हमला करने वाले आरोपी को ऐसा सबक सिखाया कि अपराधियों के हौसले पस्त हो जाए। गिरफ्तार हो चुके मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को न सिर्फ गिरफ्तार किया, बल्कि उसे जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर और चेहरे पर कालिख पोतकर पूरे शहर में पैदल घुमाया गया। उसने महिला पुलिस जिंदाबाद और बहन हमको माफ करो के नारे लगाकर कान पकड़कर महिला पुलिसकर्मियों से माफी भी मांगी। आरोपी को कान पकड़कर माफी मांगते हुए देख लोगों ने पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का समर्थन किया।
बता दें कि तमनार में 27 दिसंबर को विरोध-प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर अभद्रता की सीमा लांघी थी। इस बर्बरता का वीडियो सामने आया था। इसके बाद पुलिस चित्रसेन साव सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में मंगल राठिया, चिनेश खमारी, प्रेमसिंह राठिया, कीर्ति श्रीवास (सभी निवासी ग्राम आमगांव) और वनमाली राठिया शामिल हैं। एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
महिला पुलिसकर्मियों ने मनाया जश्न
जैसे ही आरोपी को बेइज्जत कर थाने लाया गया, वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपनी साथी के साथ हुई बर्बरता का बदला पूरा होते देख उन्होंने पटाखे फोड़े और केक काटकर जश्न मनाया। उनके लिए यह केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा की जीत थी। महिला पुलिसकर्मियों ने साफ संदेश दिया कि वर्दी का अपमान करने वालों का यही अंजाम होगा।

