रायपुर के कारोबारी ने लगाया था 2.5 करोड़ ऐंठने का आरोप
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ शासन ने महिला डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत के बाद की गई है। शिकायत में डीएसपी पर कथित तौर पर प्यार में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने और नक्सलियों से जुड़ी जानकारियां लीक करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
प्राथमिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए शासन ने निलंबन का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय या शासन द्वारा निर्धारित स्थान रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। करीब दो सप्ताह पहले इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपी गई थी। एएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने 30 दिनों में जांच पूरी की। जांच रिपोर्ट लगभग 1,400 पन्नों की बताई जा रही है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने कारोबारी से न केवल बड़ी रकम और महंगे उपहार लिए, बल्कि वॉट्सऐप चैट के जरिए पुलिस विभाग से जुड़ी खुफिया जानकारियां भी साझा कीं।

वॉट्सऐप चैट में खुफिया जानकारी साझा करने का आरोप
जांच रिपोर्ट में डीएसपी कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन के बीच हुई वॉट्सऐप चैट का उल्लेख है। इन चैट्स में नक्सली गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और ऑपरेशनल इनपुट जैसी गोपनीय सूचनाएं साझा किए जाने के संकेत मिलने का दावा किया गया है। सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की जानकारी का लीक होना राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए बेहद गंभीर मामला है। इस पहलू पर उच्च स्तर से रिपोर्ट तलब की गई थी, जिसे गोपनीय रखा गया है।
2.5 करोड़ की वसूली और महंगे गिफ्ट्स का आरोप
कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से डीएसपी कल्पना वर्मा ने कथित तौर पर लव ट्रैप में फंसाकर उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। आरोपों में लगभग 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य महंगे उपहार शामिल बताए गए हैं। कारोबारी का कहना है कि शिकायत के बावजूद कार और गहने अब तक वापस नहीं किए गए हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
होटल खोलने के नाम पर पैसे लेने का दावा
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने कारोबारी से पैसे लिए। टंडन ने इस बिंदु पर अलग से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि गहन जांच में बैंक ट्रांजेक्शन, वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी सामने आ सकते हैं।
डीएसपी ने आरोपों को बताया साजिश
कारोबारी के आरोपों पर डीएसपी कल्पना वर्मा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इन्हें झूठा, बेबुनियाद और साजिश करार देते हुए कहा है कि वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करेंगी और सच्चाई सामने आएगी।

