पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ तथा सीतापुर में सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड के निर्माण के लिए सीएम ने की घोषणा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को महोत्सव की बधाई दी और मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रुपए तथा सीतापुर में सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड के निर्माण की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 23 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपए की राशि के 109 विकास कार्यों की सौगात भी दी। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैनपाट महोत्सव सरगुजा की संस्कृति और अस्मिता को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस महोत्सव के जरिए देश-विदेश से आने वाले लोग क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर से परिचित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि महोत्सव में स्थानीय और बाहरी कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलमंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को प्रदेश में लागू करने के लिए छत्तीसगढ़ को विकसित करने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खाते में हर महीने 1,000 रुपए पहुंचते हैं, और अब तक 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि उनके खातों में जा चुकी है। क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और इसके लिए प्रदेश के जवानों की बहादुरी को नमन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का तिब्बती बंधुओं द्वारा ताशी शोपा नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को सामग्रियां वितरित कीं। स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को और भी रंगीन बनाया।
पर्यटन क्षेत्र में निरंतर विकास
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का निरंतर विकास हो रहा है। मैनपाट जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से संपन्न स्थलों में बढ़ती पर्यटक आवाजाही स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान कर रही है।
परंपराओं और प्रकृति के प्रति प्रेम का महोत्सव
विधायक राम कुमार टोप्पो ने कहा कि यह महोत्सव केवल उत्सव का शुभारंभ नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति प्रेम का प्रतीक है। विधायक प्रबोध मिंज ने बताया कि मैनपाट महोत्सव के शुभारंभ पर क्षेत्र के विकास के लिए 500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। इससे मैनपाट में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
523 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की मिली सौगात
मैनपाट महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकास को नई गति देते हुए कुल 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपए 109 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 429 करोड़ 11 लाख 40 हजार रुपए की लागत के 81 कार्यों का भूमिपूजन एवं 94 करोड़ 09 लाख 13 हजार रुपए की लागत के 28 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में छत्तीसगढ़ पेवेलियन का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया अवलोकन

