असफल साजिश के बाद सराफा कारोबारी को बनाया निशाना
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर में करोड़ों की ज्वेलरी लूटकांड के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सराफा कारोबारी से लूटपाट करने वाले आरोपियों ने पहले जमीन विवाद के चलते बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी ली थी। हालांकि पार्षद पर हमला नाकाम रहा, जिसके बाद आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स को निशाना बनाया।
एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने शहर के कई सराफा कारोबारियों की रेकी की थी। शनिवार को चारों मुख्य आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से बिलासपुर लाया गया जहां पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष और नारियल व्यापारी राजू सोनकर ने स्थानीय हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास के जरिए उत्तर प्रदेश से शूटर बुलवाए थे। जमीन विवाद के चलते पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था, जिसमें 6 लाख रुपए एडवांस दिए गए थे। आरोपी विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति (अनूपपुर, मध्यप्रदेश निवासी) की दोस्ती बिलासपुर जेल में नारद श्रीवास से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर सुपारी किलिंग की साजिश रची।
पार्षद पर हमला नाकाम
18 दिसंबर की रात बदमाशों ने पार्षद की कार को रोककर गोली मारने की योजना बनाई थी। पिस्टल भी मंगाई गई थी, लेकिन वारदात के दौरान पार्षद ने कार न रोकते हुए तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दी, जिससे हमला विफल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने एक अन्य कारोबारी लखन देवांगन उर्फ निट्टी समोसा वाले को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन वहां भी सफलता नहीं मिली। मौके से एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि अन्य फरार हो गए।
महालक्ष्मी ज्वेलर्स से 2 किलो सोना लूटा
हत्या की साजिश असफल होने के बाद फरवरी 2026 में आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स की रेकी की। 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे ज्वेलर्स संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर सोने के जेवर कार में रखकर घर जा रहे थे। अंधा मोड़ के पास आरोपियों ने ईको कार से टक्कर मारकर उनकी गाड़ी रोकी। बाहर निकलते ही आरोपियों ने पिस्टल तानकर मारपीट की और कार में रखे चार बैग लूट लिए। लूटे गए माल में करीब 2 किलो सोना, 200 ग्राम तैयार जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और 3.50 लाख रुपए नकद शामिल थे। वारदात के बाद आरोपी वाहन बदलकर फरार हो गए।
यूपी से हुई गिरफ्तारी, शॉर्ट एनकाउंटर
सूचना के आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई। मिर्जापुर के थाना अहरौरा पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर विजय लांबा, विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति, करीम खान और मोनू उर्फ राहुल उर्फ गुडवा को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर भी हुआ। पुलिस ने नारद श्रीवास समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया सोना, नकदी और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पिस्टल तानकर सराफा कारोबारी पर हथौड़े से हमला, 3.35 करोड़ का सोना और नकदी लेकर फरार

