पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया हवाई हमला, 400 लोगों की गई जान, 250 से अधिक घायल

      Date:

      काबुल (एजेंसी)। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर एयरस्ट्राइक किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार रात पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने काबुल के कई इलाकों को निशाना बनाया। इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत होने और 250 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।

          एयरस्ट्राइक

          एयरस्ट्राइक

          रिपोर्ट के अनुसार काबुल के दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास कई स्थानों पर तेज धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल में स्थित एक नशा मुक्ति अस्पताल पर बमबारी की है। उन्होंने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया और कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया है।

          2000 बेड वाले अस्पताल को भारी नुकसान

          अफगानिस्तान सरकार के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार यह हमला स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 9 बजे हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिस अस्पताल को निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही है, वह करीब 2000 बेड की क्षमता वाला है और हमले में उसे भारी नुकसान पहुंचा है। मीडिया टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद भी अस्पताल के कुछ हिस्सों में आग लगी हुई थी। बचावकर्मियों ने कई शवों को स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकाला। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि वहां बड़ी संख्या में मरीज मौजूद थे, इसलिए मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।

          क्रिकेटर राशिद खान ने यूएन से जांच की मांग की

          अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर राशिद खान ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि काबुल में हुए हवाई हमलों से आम लोग बेहद दुखी हैं और कई निर्दोष नागरिकों की जान चली गई है। उन्होंने कहा कि कुछ हमले घरों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास भी हुए हैं। नागरिक इलाकों पर हमला करना अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत युद्ध अपराध माना जाता है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related