संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत, चार सस्पेंड

      Date:

      अंबिकापुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले के कारण 15 हिरणों की मौत हो गई। डीएफओ सरगुजा अभिषेक जोगावत ने इस मामले की पुष्टि की है। इनमें 14 हिरणों की मौत शनिवार को हुई, जबकि एक हिरण की मौत रविवार को हुई।

          संजय पार्क

          घटना के बाद संजय पार्क को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। मामले में डिप्टी रेंजर समेत चार कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और रेंजर को नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की रात संजय पार्क के पास स्थित जंगल से कुछ आवारा कुत्ते पार्क के परिसर में घुस गए और हिरणों के बाड़े में प्रवेश कर गए। हिरण, सांभर और कोटरियों को कुत्तों ने हमला किया, जिससे 14 हिरणों की तुरंत मौत हो गई और एक घायल हुआ। घटना की सूचना सुबह पार्क कर्मचारियों को मिली, जिसके बाद हड़कंप मच गया। वन विभाग ने पशु चिकित्सकों को बुलाकर मृत हिरणों का पोस्टमार्टम कराया और शवों को जलाया। घायल हिरण की मौत रविवार को हुई, उसका पोस्टमार्टम आज कर दिया गया और शव नष्ट कर दिया गया।

          डीएफओ ने दिए जांच के आदेश

          डीएफओ अभिषेक जोगावत ने बताया कि घटना की जांच के लिए अंबिकापुर एसडीओ फॉरेस्ट की अगुवाई में टीम बनाई गई है। जांच 24 घंटे में पूरी करने के आदेश दिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्क को और अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा। घटना के समय रात में कोई सुरक्षाकर्मी पार्क में मौजूद नहीं था।

          पार्क में बचे 16 हिरण

          संजय पार्क में कुल 31 हिरण थे, जिनमें से 15 की मौत हो गई। अब केवल 16 हिरण बचे हैं। डीएफओ ने कहा कि पूरे पार्क को सैनिटाइज किया जाएगा और वन विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। पार्क में हिरणों के अलावा मोर और अन्य पक्षी व जानवर भी रखे गए हैं। पांच साल पहले पार्क में 75 से अधिक हिरण थे। इनमें से 60 को रमकोला के नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। वर्तमान में बचे हुए हिरणों की संख्या 31 थी। लंबे समय से पार्क की सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान न दिए जाने के कारण यह घटना हुई।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              एसडीएम के फर्जी हस्ताक्षर से तस्करी, 15 टन अवैध लकड़ी जब्त

              सूरजपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सूरजपुर में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शिवानी जायसवाल...