कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय टीपी नगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने कार्यकाल में देश को मजबूत औद्योगिक आधार, वैज्ञानिक सोच और विकास की दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि नेहरू ने गुटनिरपेक्ष नीति, विश्व बंधुत्व एवं शांतिपूर्ण सहअस्तित्व के सिद्धांतों को मजबूती देते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान दिलाई। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष गजानंद साहु ने कहा कि पंडित नेहरू ने भारतीय राजनीति, सामाजिक चिंतन और विकास की दिशा में अमिट छाप छोड़ी तथा देश के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया।
कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे ने पंडित नेहरू को कुशल राजनीतिज्ञ, सामाजिक एवं आर्थिक चिंतक, लेखक और पंचशील सिद्धांत के समर्थक बताते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रेरणादायी बताया। सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुराणे ने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत में लोकतंत्र को मजबूत बनाने और समानता व मानवीय गरिमा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहु ने बच्चों के बीच उनकी लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी कारण उन्हें ‘चाचा नेहरू’ के नाम से जाना गया और उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर गिरधारी बरेठ, मनहरण राठौर(इंटक), डॉ.रामगोपाल यादव, अनुज जायसवाल, रवि सिंह चंदेल, अजीत बर्मन, आरिफ खान, शशि अग्रवाल, ममता अग्रवाल, संगीता श्रीवास, झलकुंवर, माधुरी ध्रुव, लक्ष्मी महंत, हरविंदर सिंह, टी आर बरेठ, नितेश यादव, निकित खलखो, रजनी भारती, सुखनंदन सोनकर, वैभव कश्यप, सविता चौहान, शांति साहु, राजकुमार ग्यानचंदानी सहित कांग्रेस के अनेकों पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
बालको ब्लॉक अध्यक्ष एडी जोशी ने पंडित नेहरू को उच्चकोटि का लेखक बताते हुए उनकी पुस्तकों डिस्कवरी ऑफ इंडिया और ग्लिम्प्सेस ऑफ वर्ल्ड हिस्ट्री का उल्लेख किया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने उनके व्यक्तित्व और उदार विचारों को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के दौरान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प भी लिया।

