केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गोल्ड मेडल व नेशनल सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर से किया सम्मानित
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)।राजधानी रायपुर की बेटी डॉ. पल्लवी दुबे ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नेफ्रोलॉजी सुपर स्पेशलिटी कोर्स में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। इस सफलता के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया गया।

वर्तमान में बेंगलुरु स्थित मनिपाल हॉस्पिटल में किडनी रोग विशेषज्ञ (नेफ्रोलॉजिस्ट) के रूप में सेवाएं दे रहीं डॉ. पल्लवी दुबे को नई दिल्ली में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा गोल्ड मेडल एवं नेशनल सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉ. पल्लवी दुबे रायपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश दुबे और डॉ. रुचि दुबे की पुत्री हैं। उन्होंने प्रारंभिक चिकित्सा शिक्षा से ही उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा में बेहतर ऑल इंडिया रैंक हासिल करने के बाद उन्होंने अहमदाबाद स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस एवं एमडी मेडिसिन की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद डॉ. पल्लवी ने बेंगलुरु के मनिपाल हॉस्पिटल से नेफ्रोलॉजी में सुपर स्पेशलिटी कोर्स किया और इस क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। डॉ. पल्लवी की इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है।

