आयुक्त ने ’’कनेक्ट टू कमिश्नर’’ में प्राप्त दर्जनों शिकायतों का किया स्पाट निरीक्षण, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

      Date:

      • सुगम समस्याओं का 24 घंटे में हो रहा निराकरण, आमजन को मिल रही समस्याओं से त्वरित राहत, समय लगने वाली समस्याओं को लिया जा रहा कार्यप्रक्रिया में

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई अभिनव पहल “कनेक्ट टू कमिश्नर” और “महापौर की पाती” अब जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनती जा रही हैं। इसी क्रम में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने मंगलवार को इन योजनाओं के तहत प्राप्त शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समयसीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

          कनेक्ट टू कमिश्नर

          आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पहुंचकर शिकायतों से जुड़ी समस्याओं और उनके निराकरण की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परसाभांठा साप्ताहिक बाजार, बालको सेक्टर-5 शॉपिंग सेंटर, वार्ड क्रमांक 16 पंप हाउस, रिसदी रोड, बुधवारी बस्ती, सीतामणी गौमाता चौक, साकेत नगर, खरमोरा औद्योगिक क्षेत्र, टीपी नगर, मुड़ापार प्रधानमंत्री आवास, शिवाजी नगर और निहारिका क्षेत्र सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क, नाली, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, अतिक्रमण और अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की और लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। नगर निगम द्वारा संचालित “कनेक्ट टू कमिश्नर” और “महापौर की पाती” योजनाएं नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से सड़क, नाली, पेयजल, बिजली व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और अतिक्रमण जैसी शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लिया जा रहा है। निगम प्रशासन के अनुसार जिन शिकायतों का समाधान तत्काल संभव है, उनका 24 घंटे के भीतर निराकरण किया जा रहा है, जबकि जिन समस्याओं के समाधान में प्रक्रिया संबंधी समय लगता है, उन्हें प्राथमिकता के साथ कार्यप्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।

          “कनेक्ट टू कमिश्नर” बनी सीधी शिकायत व्यवस्था

          नगर निगम की “कनेक्ट टू कमिश्नर” योजना आम नागरिकों को सीधे आयुक्त तक अपनी समस्या पहुंचाने का अवसर दे रही है। इसके लिए निगम द्वारा मोबाइल नंबर 94060-04300 जारी किया गया है, जो सीधे आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के व्हाट्सएप से जुड़ा हुआ है। इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिक सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, अतिक्रमण, अवैध कब्जे सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें और सुझाव सीधे भेज सकते हैं।

          “महापौर की पाती” से भी मिल रही त्वरित राहत

          नगर निगम द्वारा संचालित “महापौर की पाती” योजना भी नागरिकों को त्वरित राहत देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत निगम मुख्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर तीन अलग-अलग रंगों के लेटर बॉक्स लगाए गए हैं। इनमें लाल रंग के बॉक्स में स्ट्रीट लाइट, हरे रंग के बॉक्स में साफ-सफाई और नीले रंग के बॉक्स में पेयजल से संबंधित शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। प्राप्त शिकायतों पर निगम प्रशासन द्वारा 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

          सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related