कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा हसदेव नदी के संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित मासिक हसदेव आरती का आयोजन सोमवार शाम मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर श्रद्धा और सामाजिक सरोकारों के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रत्येक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जल संरक्षण, नदी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने हसदेव नदी को प्रदूषण मुक्त रखने, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ नदी में नहीं फेंकने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान के रूप में कामेश्वर धर दीवान उपस्थित रहे, जिन्होंने हसदेव नदी के संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में जनसहभागिता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई।

आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से मां हसदेव की आराधना की और जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि हसदेव नदी कोरबा जिले की जीवनरेखा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। समिति ने कहा कि हसदेव नदी के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर भव्य हसदेव आरती संपन्न, नदी संरक्षण का लिया संकल्प

