शिक्षा, राजस्व और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को करतला विकासखंड के व्यापक निरीक्षण के दौरान पीएम श्री सेजस विद्यालय तिलकेजा, बरपाली तहसील कार्यालय तथा पताढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर शिक्षा, राजस्व एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए तथा लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

कलेक्टर ने ग्राम तिलकेजा स्थित पीएम श्री सेजस विद्यालय का निरीक्षण कर कंप्यूटर लैब, शैक्षणिक व्यवस्थाओं तथा निर्माणाधीन पीसीबी लैब का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, करियर लक्ष्य और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित एवं समर्पित होकर अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए बोर्ड परीक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा आईआईटी एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए संचालित निःशुल्क कोचिंग का लाभ लेने की भी अपील की। निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर लैब के लिए शिक्षक की व्यवस्था एवं अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, वहीं निर्माणाधीन पीसीबी लैब को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
बरपाली तहसील में लंबित प्रकरणों पर सख्ती

इसके बाद कलेक्टर ने बरपाली तहसील कार्यालय पहुंचकर राजस्व कार्यों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र, न्यायालय कक्ष, आवक-जावक शाखा, नकल शाखा तथा विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया। लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, सभी आवेदनों का समयबद्ध निपटारा और अभिलेखों के नियमित संधारण के निर्देश दिए। प्रतिवेदन प्रस्तुत करने में विलंब करने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा तहसीलदारों को अभिलेखों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान तहसील पहुंचे ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
अस्पताल में मरीजों से मिले, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर ने पताढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने पंजीयन कक्ष, ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसव कक्ष, वैक्सीनेशन कक्ष, जनऔषधि केंद्र, एनबीएसयू सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों, दवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। महिला एवं आईपीडी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से उपचार, भोजन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में चर्चा की तथा पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मिली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
कलेक्टर दुदावत ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। इसके लिए शिक्षा, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने नियमित निरीक्षण, प्रभावी मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित शिक्षा, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

