बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) एन. फ्रेंकलिन जयकुमार को लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) पद के लिए अनुशंसित किया है।
कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले श्री जयकुमार ने फरवरी 2024 में SECL में निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से वे निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। SECL में आने से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलाबीरा-द्वितीय एवं तृतीय ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे। इससे पूर्व उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) में करीब 18 वर्षों तक भूमिगत एवं ओपनकास्ट खदानों के संचालन में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। उन्होंने इंडोनेशिया में पांच मिलियन टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का भी पांच वर्षों तक सफल नेतृत्व किया, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय खनन प्रबंधन का व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ।
खनन अभियांत्रिकी में स्नातक श्री जयकुमार ने पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए भी किया है। वे महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) द्वारा प्रदत्त प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र के धारक हैं तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं। संचालन उत्कृष्टता के साथ उन्होंने खान सुरक्षा, कौशल विकास और रणनीतिक नीतिगत पहलों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं तथा कोयला मंत्रालय की संकट प्रबंधन योजना के निर्माण में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। SECL परिवार ने एन. फ्रेंकलिन जयकुमार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व और भावी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एसईसीएल का रिकॉर्ड प्रदर्शन, 44.10 मिलियन टन कोयला उत्पादन

