रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूलों के संचालन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब प्रदेश के सरकारी और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजी बोर्ड) से संबद्ध निजी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2027 से शुरू होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत मई और जून में ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा, जबकि नियमित पढ़ाई अप्रैल से प्रारंभ होगी।

स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में अब शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक प्रभावी रहेगा। यह व्यवस्था सीबीएसई सहित अन्य राष्ट्रीय शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर लागू की जा रही है। विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिलेगा, समय पर पाठ्यक्रम पूरा होगा और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में भी सुधार आएगा। नई व्यवस्था के तहत अप्रैल माह में ही विद्यार्थियों के प्रवेश, पाठ्यपुस्तकों, यूनिफॉर्म और साइकिल वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद 1 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। छुट्टियों के बाद जुलाई से नियमित शैक्षणिक गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित होंगी। वर्तमान व्यवस्था में स्कूल 16 जून से खुलते हैं। स्कूल खुलने के बाद प्रवेश, किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य शासकीय योजनाओं के वितरण में काफी समय लग जाता है, जिससे नियमित पढ़ाई जुलाई तक प्रभावित होती है। नई व्यवस्था लागू होने से इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा फायदा
स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि सीजी बोर्ड और सीबीएसई के शैक्षणिक कैलेंडर में अब तक करीब ढाई माह का अंतर रहता था। सीबीएसई स्कूल अप्रैल से पढ़ाई शुरू कर देते हैं, जबकि सीजी बोर्ड स्कूल जून के मध्य में खुलते थे। नई व्यवस्था से यह अंतर समाप्त होगा और प्रतियोगी परीक्षाओं व बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सकेगा।
गुणवत्ता सुधारना सरकार का उद्देश्य
शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। अप्रैल से ही स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे पढ़ाई बिना किसी व्यवधान के शुरू हो सकेगी।

