कोयला मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन के आधार पर दी सर्वोच्च रेटिंग, सुरक्षित व पर्यावरण-अनुकूल खनन की मिली सराहना
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने उत्कृष्ट, सुरक्षित और उत्तरदायी खनन के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय की प्रतिष्ठित स्टार रेटिंग में एसईसीएल की पाँच खदानों को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। यह कंपनी के इतिहास में पहली बार है, जब एक ही मूल्यांकन वर्ष में उसकी पाँच खदानों को एक साथ यह सम्मान प्राप्त हुआ है।

5-स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली खदानों में सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार और खैराहा भूमिगत खदान, जोहिला क्षेत्र की बेहराबांध भूमिगत खदान, हसदेव क्षेत्र की विजय वेस्ट भूमिगत खदान तथा भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना शामिल हैं। कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत देश की कोयला एवं लिग्नाइट खदानों का व्यापक मूल्यांकन किया जाता है। इसमें सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीक का उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक अनुपालन, सामाजिक उत्तरदायित्व और परिचालन दक्षता जैसे विभिन्न मानकों को आधार बनाया जाता है। इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही 5-स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है। इस वर्ष सम्मानित चारों भूमिगत खदानों ने सुरक्षित संचालन, वैज्ञानिक खनन, उत्पादन क्षमता, श्रमिक कल्याण और पर्यावरणीय प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वहीं, जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना ने ओवरबर्डन प्रबंधन, हरित विकास, जल संरक्षण तथा सुरक्षित उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
पूरे एसईसीएल परिवार की मेहनत का परिणाम
एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि एक साथ पाँच खदानों को 5-स्टार रेटिंग मिलना पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यावसायिक सहयोगियों और सभी हितधारकों की सामूहिक मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है। सुरक्षित, सतत और पर्यावरण-अनुकूल खनन कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आधुनिक तकनीक और श्रेष्ठ खनन पद्धतियों के माध्यम से एसईसीएल भविष्य में भी उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा। एसईसीएल की यह उपलब्धि कंपनी की मजबूत सुरक्षा संस्कृति, परिचालन दक्षता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कोल इंडिया लिमिटेड की अग्रणी अनुषंगी कंपनी के रूप में एसईसीएल आधुनिक तकनीक, नवाचार और सतत खनन पद्धतियों के जरिए देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
एसईसीएल में निवारक सतर्कता और सुशासन पर मंथन

