छत्तीसगढ़ की इकलौती छात्रा बनीं नेशनल फाइनलिस्ट, 108 देशों के विद्यार्थियों के साथ बनाएंगी चंद्र उपग्रह
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की होनहार छात्रा रागनी साहू ने राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी का चयन अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन शक्तिसैट (ShaktiSat) के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। इस प्रतिष्ठित मिशन के लिए चयनित होने वाली वह पूरे छत्तीसगढ़ की इकलौती छात्रा हैं।
देशभर से कड़े मूल्यांकन और साक्षात्कार के बाद केवल 20 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिसमें रागनी ने अपनी प्रतिभा के दम पर स्थान बनाया। उन्होंने वर्ष 2025 में स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन में पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने करीब 120 घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण, 21 विस्तृत मॉड्यूल तथा 550 से अधिक स्पेस, सैटेलाइट, विज्ञान, नवाचार और इंजीनियरिंग से जुड़े पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए। यह मिशन भारत सहित 108 देशों के विद्यार्थियों की सहभागिता वाला अंतरराष्ट्रीय अभियान है। इसके तहत दो चंद्र उपग्रह विकसित किए जाएंगे। इनमें से एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होकर परिक्रमा करेगा, जबकि दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर उतरकर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। रागनी साहू 22 से 31 अगस्त 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। इस दौरान उन्हें इसरो, IN-SPACe के वैज्ञानिकों, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला तथा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष विशेषज्ञों से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
कलेक्टर और शिक्षा अधिकारियों ने दी बधाई
विद्यार्थियों द्वारा विकसित उपग्रहों का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो द्वारा किया जाएगा। अटल इनोवेशन मिशन (नीति आयोग) से जुड़े इस मिशन के संचालन की जिम्मेदारी स्पेस किड्ज इंडिया निभा रहा है। रागनी की इस उपलब्धि पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. सिन्हा तथा अटल टिंकरिंग लैब के प्रभारी चंद्रशेखर मिथलेश ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
https://dprcg.gov.in/post/1783693750/रायपुर-छत्तीसगढ़-की-इकलौती-छात्रा-महासमुंद-की-बेटी-का-कमाल

