देवपहरी स्थित विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत देवपहरी स्थित गौमुखी सेवा धाम द्वारा संचालित विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे को इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, गौमुखी सेवा धाम के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जनदर्शन में 141 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

