पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जिला युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में सुभाष चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय केंद्र सरकार ने पुलिस बल का प्रयोग कर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। जिला युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि अपने भविष्य की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया। वहीं, ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि बार-बार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा टूट रहा है, लेकिन सरकार समाधान निकालने के बजाय विरोध करने वालों पर दमन कर रही है।
कांग्रेस ने उठाईं पांच प्रमुख मांगें
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर और ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद होना चाहिए, दमन नहीं। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, देशभर में हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच हो, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज प्रकरण वापस लिए जाएं तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नारायण लाल कुर्रे, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो. शाहिद, ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, पालूराम साहू, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, रोपा तिर्की, अर्चना उपाध्याय, रवि चंदेल सहित जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

