रात में घर लौटते समय चार बदमाशों ने किया हमला, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार; कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
दुर्ग (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में कांग्रेस नेता की लूट के दौरान निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देर रात घर लौट रहे कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप (45) पर चार बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और करीब चार हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। इलाज के दौरान प्रकाश सिंह कश्यप ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार यह घटना जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र में करहीडीह और चिखली चौक के बीच हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। प्रकाश सिंह कश्यप अपने दो साथियों के साथ रविवार रात भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। देर रात भोजन करने के बाद तीनों एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चार बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और लूटपाट का प्रयास किया। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकुओं से लगातार कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद साथी किसी तरह जान बचाकर भागे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल प्रकाश सिंह कश्यप को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कांग्रेस मंडल कोषाध्यक्ष थे प्रकाश
प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच थे तथा कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जेवरा-सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
बार संचालक ने नहीं दिया शराब तो कांग्रेस नेता व साथियों ने जमकर पीटा

