सक्ती में छुट्टी के बाद स्कूल परिसर में जमी महफिल, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, डीईओ ने 3 दिन में मांगा जवाब
सक्ती (AkhandBharatHNKP.Com)। मालखरौदा ब्लॉक स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी में शिक्षकों द्वारा स्कूल परिसर में शराब और चिकन पार्टी किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में पांच शिक्षक और एक स्वीपर स्कूल परिसर में बैठकर पार्टी करते नजर आ रहे हैं। टेबल पर शराब की बोतल, गिलास और चिकन की प्लेट भी दिखाई दे रही है। घटना का वीडियो ग्रामीणों ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद कुछ शिक्षक और एक स्वीपर स्कूल परिसर में शराब और नॉनवेज के साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर शिक्षकों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने मौके का वीडियो बना लिया। वीडियो में स्कूल परिसर के अंदर टेबल पर शराब की बोतल और चिकन की प्लेट नजर आ रही है। कुछ शिक्षक टेबल के आसपास बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक शिक्षक ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के विरोध के बाद शिक्षक ने माफी भी मांगी। इसके बाद ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल परिसर में इस तरह की पार्टी का यह पहला मामला नहीं है और इससे पहले भी शिक्षक कथित तौर पर ऐसी गतिविधियां कर चुके हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने भेजा नोटिस
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने वीडियो में नजर आ रहे पांच शिक्षकों और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने घटना को लेकर उनका पक्ष मांगा है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि संबंधित कर्मचारियों से जवाब मिलने के बाद मामले की जांच और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब कर्मचारियों के जवाब और विभागीय जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि उनके खिलाफ किस स्तर की कार्रवाई की जाती है।

