लगातार बारिश से निचली बस्तियों में बढ़ा जलभराव का खतरा, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किया सघन दौरा

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। लगातार हो रही बारिश और बांगो बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इसके चलते कोरबा शहर की नदी किनारे बसी निचली बस्तियों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया।

          आयुक्त आशुतोष पाण्डेय

          आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सीतामणी, इमलीडुग्गू, कलमीडुग्गू समेत अन्य तटीय और निचले इलाकों में पहुंचकर बस्तीवासियों से मुलाकात की और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पडऩे पर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि जलभराव की स्थिति बनने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। निगम ने प्रभावित लोगों के रहने और भोजन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 11 शेल्टर सेंटर तैयार किए हैं। जरूरत पडऩे पर प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम को मुख्य शेल्टर सेंटर के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने बस्तीवासियों से अपील की कि जलभराव की स्थिति में जोखिम न उठाएं और निगम द्वारा बनाए गए शेल्टर सेंटरों में सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

          नदी किनारे रहने वालों से पीएम आवास में शिफ्ट होने की अपील

          आयुक्त पाण्डेय ने नदी किनारे और जलभराव संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित खाली मकानों में शिफ्ट होने की अपील की। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा बड़ी संख्या में आवास बनाए गए हैं, जिनका आबंटन अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि पात्र लोग नियमानुसार निर्धारित न्यूनतम राशि जमा कर इन मकानों का आबंटन प्राप्त कर सकते हैं। निगम इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगा। जरूरत पडऩे पर बैंक लोन दिलाने में भी सहायता की जाएगी।

          कलमीडुग्गू में राखड़ से नाले की निकासी बाधित

          कलमीडुग्गू बस्ती के निरीक्षण के दौरान लोगों ने बताया कि सीएसईबी प्लांट से निकलने वाला राखडय़ुक्त पानी नाले में जमा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। इससे बस्ती में जलभराव की स्थिति बन रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तत्काल जलभराव दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएसईबी प्रबंधन को राखडय़ुक्त पानी नाले में नहीं छोडऩे की कड़ी हिदायत दी।

          दो दिनों से लगातार कराई जा रही मुनादी

          बांगो बांध से पानी छोड़े जाने और हसदेव नदी का जलस्तर बढऩे के साथ लगातार बारिश को देखते हुए निगम द्वारा पिछले दो दिनों से संवेदनशील बस्तियों में लगातार मुनादी कराई जा रही है। लोगों से नदी किनारे और जलभराव संभावित क्षेत्रों में बने मकानों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

          कोरबा में 11 शेल्टर सेंटर तैयार

          निगम ने प्रभावित परिवारों के लिए 11 शेल्टर सेंटर तैयार किए हैं। इनमें सीतामणी के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मिशन रोड स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय, रानी गेट के पास प्राथमिक विद्यालय, लालघाट प्राथमिक शाला, अंबेडकर स्कूल, जोगियाडेरा प्राथमिक शाला, कबीर भवन, सुमेधा स्कूल, एसईसीएल स्कूल और प्रेमनगर शासकीय प्राथमिक शाला शामिल हैं। आवश्यकता पडऩे पर प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम को मुख्य शेल्टर सेंटर के रूप में उपयोग किया जाएगा। आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों और उप-जोन प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा जलभराव की स्थिति बनने पर तत्काल राहत-बचाव शुरू कर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित शेल्टर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

          सेवानिवृत्ति नौकरीपेशा व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव : आयुक्त आशुतोष पाण्डेय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related