गुरु पूर्णिमा पर बनोरा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा प्रियदर्शी राम के दर्शन को पहुंचे हजारों श्रद्धालु

      Date:

      रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट, बनोरा में गुरु-शिष्य परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। सुबह से ही आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति की स्वर लहरियों के बीच देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने परम पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

          राजनीतिक, सामाजिक, औद्योगिक, धार्मिक और व्यापारिक जगत से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में आम श्रद्धालुओं ने भी कतारबद्ध होकर गुरु चरणों में शीश नवाया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। वहीं वाराणसी, कोलकाता, रांची, पटना, बोकारो, रेणुकूट, सिंगरौली, हाजीपुर और गढ़वा जैसे शहरों से भी बड़ी संख्या में अनुयायी बनोरा पहुंचे। इस अवसर पर बनोरा की धरती गुरु-शिष्य मिलन की साक्षी बनी। सुबह 7 बजे शक्तिपीठ ध्वज पूजन एवं सप्तशती पाठ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद गुरुचरण पादुका पूजन, हवन, सामूहिक आरती और गुरुगीता पाठ संपन्न हुआ। सुबह 9.15 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा प्रियदर्शी राम जी के दर्शन किए। बिलासपुर से आई स्वर तरंग संस्था की टीम ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर भक्तिमय वातावरण बनाया। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। डभरा से आई लगभग 250 सदस्यीय टीम ने श्रद्धालुओं को पंगत में प्रसाद परोसा।

          श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

          श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आश्रम प्रबंधन ने पार्किंग, बैरिकेडिंग, वाटरप्रूफ टेंट, पेयजल, पुलिस सुरक्षा, सफाई और विद्युत व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। पार्किंग स्थल से आश्रम परिसर तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बैटरी ऑटो की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था रही।

          दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

          गुरु दर्शन के प्रति दिव्यांग श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। आश्रम प्रबंधन द्वारा व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे दिव्यांगजन भी सहजता से बाबा प्रियदर्शी राम जी के दर्शन कर सके। अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग, ग्रामवासियों, स्वयंसेवकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, सेवा, अनुशासन और गुरु-शिष्य परंपरा का भव्य प्रतीक बनकर संपन्न हुआ।

          मुख्यमंत्री ने बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद

          गुरु पूर्णिमा

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचकर गुरु दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के आधार होते हैं। गुरु पूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति को जीवन में सही दिशा प्रदान करता है और समाज को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी उपस्थित रहे।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              इसरो में वैज्ञानिक और इंजीनियर के 93 पदों पर भर्ती, 17 अगस्त तक करें आवेदन

              इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस समेत कई विषयों में...