कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। करीब 50 करोड़ रुपए की ठगी के आरोपी को पकडऩे दिल्ली गई कटघोरा पुलिस की टीम खुद कार्रवाई की जद में आ गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिसकर्मी ट्रेन के बजाय फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे। खास बात यह रही कि हवाई यात्रा का खर्च पीडि़त ने उठाया था। मामले की जानकारी सामने आने के बाद बिलासपुर रेंज आईजी ने इसे विभागीय नियमों का उल्लंघन और अनुशासनहीनता मानते हुए कटघोरा थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

बता दें कि कटघोरा थाना क्षेत्र में एक वाहन एजेंसी संचालक से करीब 50 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया था। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी की तलाश शुरू की थी। साइबर थाना की मदद से आरोपी के मोबाइल लोकेशन पर नजर रखी जा रही थी। थाना प्रभारी मोती पटेल के नेतृत्व में कटघोरा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम दिल्ली के लिए रवाना हुई। विभागीय नियमों के अनुसार पुलिस टीम को ट्रेन से यात्रा करनी थी। आरोप है कि टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लिए बिना रायपुर से दिल्ली की हवाई यात्रा की। इस यात्रा का खर्च भी पुलिस विभाग के बजाय पीडि़त एजेंसी संचालक ने उठाया। दिल्ली पहुंचने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया और फिर वापस लौट आई।
आईजी ने लिया संज्ञान, सभी 8 पुलिसकर्मी निलंबित
हवाई यात्रा और उसके खर्च से जुड़ी जानकारी बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने टीम में शामिल सभी आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी मोती पटेल, विवेचना अधिकारी राम पांडेय, आरक्षक प्रदीप राठौर, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, साइबर थाना के प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, सुशील यादव और लाइन में पदस्थ आरक्षक प्रशांत सिंह शामिल हैं।
बिना अनुमति फ्लाइट से यात्रा पर हुई कार्रवाई : एसपी
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने बिना अनुमति हवाई जहाज से यात्रा की थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए बिलासपुर रेंज आईजी के निर्देश पर टीम के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पूरे मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल इसलिए भी उठे क्योंकि आरोपी को पकडऩे की मुहिम में पीडि़त के खर्च पर पुलिस टीम ने हवाई यात्रा की, जबकि विभागीय नियमों के तहत ट्रेन से यात्रा की जानी थी।

