‘प्रोजेक्ट अनुभव’ के तहत जिला प्रशासन देगा इंटरव्यू की तैयारी का मौका
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। CGPSC राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जिला प्रशासन रायपुर ने ‘प्रोजेक्ट अनुभव’ के तहत निःशुल्क मॉक इंटरव्यू का आयोजन किया है। यह मॉक इंटरव्यू 12 और 13 सितंबर को नेतृत्व साधना केंद्र, फुंडहर में आयोजित होगा।
इस पहल का उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक साक्षात्कार का अनुभव देना और अंतिम चरण की तैयारी में उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है। मॉक इंटरव्यू के दौरान विशेषज्ञ संभावित प्रश्नों के जवाब देने, व्यक्तित्व प्रस्तुतीकरण, संवाद कौशल और आत्मविश्वास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। मॉक इंटरव्यू में अभ्यर्थियों को विशेषज्ञों के समक्ष साक्षात्कार का अभ्यास कराया जाएगा। उनके प्रदर्शन का आकलन कर कमियों की जानकारी दी जाएगी और सुधार के लिए जरूरी सुझाव भी दिए जाएंगे। इससे अभ्यर्थियों को वास्तविक इंटरव्यू से पहले अपनी तैयारी को बेहतर करने का अवसर मिलेगा।
11 सितंबर तक कराएं पंजीयन
मॉक इंटरव्यू में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी 11 सितंबर 2026 तक निर्धारित Google Sheet में जानकारी भरकर पंजीयन करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने CGPSC अभ्यर्थियों से इस निशुल्क सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। आयोजन या पंजीयन से संबंधित जानकारी के लिए रोजगार अधिकारी केदार पटेल (9425502970) और चंद्रेश (7389931878) से संपर्क किया जा सकता है।

