सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन, कोरबा में भाजपा ने शुरू की तैयारियां
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित किए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के सेवा भाव, संकल्प, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने वाला व्यापक अभियान है। अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’ तथा ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चंदेल ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के विशेष अवसर को देखते हुए भाजपा ने इस वर्ष सेवा पखवाड़े को व्यापक स्वरूप देते हुए एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जागेश लांबा, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा और एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान, कोरबा में व्यापक तैयारियां
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसी के तहत कोरबा जिले में भी अभियान को व्यापक रूप से आयोजित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनभागीदारी के साथ सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे।

