रायपुर में जलभराव, घरों में घुसा पानी, ट्रेन और विमान सेवाएं प्रभावित
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। रायपुर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर में कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। इंद्रावती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में नारंगी और 11 जिलों में पीला अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। रायपुर के सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र समेत कई इलाकों में पानी भर गया। जगदलपुर के गंगा मुंडा, धरमपुरा और श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में भी जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हुई। कई घरों में नालियों का पानी घुस गया। जगदलपुर-बीजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर केशलूर के पास पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 25 सितंबर को बस्तर जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। त्रैमासिक परीक्षा को लेकर अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन हुआ है। इसके चलते किरंदुल-विशाखापट्टनम मार्ग की दो ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें किरंदुल-विशाखापट्टनम यात्री और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। खराब मौसम के कारण जगदलपुर-हैदराबाद विमान सेवा भी रद्द की गई है।
इंद्रावती नदी को लेकर प्रशासन अलर्ट
इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सावधान किया जा रहा है। जलमग्न होने की आशंका वाले पुल-पुलियों और रपटों पर बैरिकेडिंग कर निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदी, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
लगातार बारिश से निचली बस्तियों में बढ़ा जलभराव का खतरा, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किया सघन दौरा

