कोरबा के युवा समस्याओं का समाधान खोजें, अपने नवाचार से देश की प्रगति में योगदान दें : मंत्री लखनलाल देवांगन

      Date:

      • सेवा फर्स्ट नवाचार चुनौती 2026 का शुभारंभ, 7 अक्टूबर तक भेज सकेंगे विचार; 9 अक्टूबर को होगा प्रस्तुतिकरण

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, आईटीआई रामपुर में सेवा फर्स्ट नवाचार चुनौती 2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों और युवाओं से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा अपने आसपास की समस्याओं को पहचानें, उनके व्यावहारिक समाधान खोजें और अपने नवाचार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दें।

          मंत्री लखनलाल देवांगन

          इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह चुनौती युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नए विचारों को सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर दे रही है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित किसी भी क्षेत्र से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए उपयोगी विचार प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे और उपयोगी नवाचारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उन्हें व्यापक स्तर पर लागू किए जाने का अवसर भी मिल सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कोरबा के विद्यार्थी अपने नवाचारों के माध्यम से जिले का नाम रोशन करेंगे।

          मंत्री लखनलाल देवांगन

          प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार राशि भी निर्धारित की गई है। प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया है। वहीं चौथे से दसवें स्थान तक चयनित प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीब कल्याण और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति जरूरी है। युवाओं के नए विचार और नवाचार इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन एवं गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

          कोरबा में बनेगा कंटेंट क्रिएटर्स हब

          कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा में कंटेंट क्रिएटर्स हब बनाने की घोषणा की। इसके लिए दो करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इससे जिले के यूट्यूब, सामाजिक माध्यमों और अन्य डिजिटल माध्यमों पर काम करने वाले युवाओं को सुविधाएं और अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान स्वच्छता, रक्तदान, आंगनबाड़ी केंद्रों में गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

          तैयार मॉडल जरूरी नहीं : कलेक्टर दुदावत

          कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि नवाचार की शुरुआत किसी समस्या को पहचानने और उसके बेहतर समाधान के बारे में सोचने से होती है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयार मॉडल बनाना जरूरी नहीं है। प्रतिभागी किसी सेवा में सुधार का सुझाव, किसी समस्या का समाधान अथवा अपने नवाचार की रूपरेखा भी प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कृषि एवं भूजल संरक्षण, कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, स्वास्थ्य, ऊर्जा, अधोसंरचना, उभरती तकनीक, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में विचार आमंत्रित किए हैं। कलेक्टर ने किसानों की सहायता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, अपशिष्ट प्रबंधन, नागरिक सेवाओं को सरल बनाने तथा महाविद्यालयों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर भी नवाचार के सुझाव देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरबा की स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखकर दिए गए विचार भी महत्वपूर्ण होंगे।

          7 अक्टूबर तक विचार, 9 अक्टूबर को प्रस्तुतिकरण

          कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 7 अक्टूबर तक विचार आमंत्रित किए जाएंगे, जबकि 9 अक्टूबर को प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में विद्यार्थी, प्राध्यापक, शिक्षक, शोधकर्ता, नवउद्यमी, स्व-सहायता समूह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा अन्य उद्यमी भी भाग ले सकते हैं। विचार तैयार करने के लिए अध्ययन, शोध और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे उपलब्ध साधनों का उपयोग किया जा सकता है। जोनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है। जोनल स्तर पर 10 क्षेत्रों में कुल 50 विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र से तीन सामान्य श्रेणी, एक महिला श्रेणी और 21 वर्ष से कम आयु वर्ग का एक विजेता चुना जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस तरह जोनल स्तर पर कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

          सरल समाधान भी नवाचार : गोपाल मोदी

          गोपाल मोदी ने कहा कि नवाचार का अर्थ केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं है। घर, मोहल्ले, शहर या जिले की किसी समस्या को कम समय और कम संसाधनों में बेहतर ढंग से हल करने का विचार भी नवाचार हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास की जरूरतों को पहचानकर ऐसे समाधान प्रस्तुत करने की अपील की, जिनसे आम लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने युवाओं से सेवा की भावना के साथ स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने कहा कि जिले को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं की सोच और सहभागिता जरूरी है। निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी अधिक से अधिक युवाओं से प्रतियोगिता में शामिल होकर अपने नवाचार के माध्यम से कोरबा का नाम रोशन करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने आभार व्यक्त किया।

          यहां कर सकते हैं आवेदन

          जोनल प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी सेवा नवाचार चुनौती की वेबसाइट sevainnovationchallenge.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में सहायता के लिए जिला नोडल अधिकारी विजय कारे, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र  कोरबा से मोबाइल नंबर 8109363862 संपर्क किया जा सकता है।

          जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उद्देश्य : मंत्री लखनलाल देवांगन

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related