प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोंडागांव में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर में हितग्राहियों को बांटे योजनाओं के लाभ
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कोंडागांव नगर के डोंगरीपारा में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मंत्री देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, गरीबों और अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं संचालित हैं। पात्र लोगों को इन योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाना अभियान की प्राथमिकता है। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने कहा कि विभिन्न सेवा गतिविधियों के जरिए लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है।
विभिन्न योजनाओं से हितग्राही लाभान्वित
शिविर में श्रम विभाग की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सहायता राशि, स्वामित्व योजना के तहत 8 लोगों को अधिकार अभिलेख, समाज कल्याण विभाग की ओर से 8 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग ने 6 बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र और 11 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। शिक्षा विभाग की ओर से 15 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने उत्कृष्ट कार्य के लिए 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया और सक्षम योजना के तहत 2 हितग्राहियों को चेक प्रदान किए गए।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की ली समीक्षा बैठक


