सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक में जनसेवा, राष्ट्रसमर्पण और विकसित भारत का संदेश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सेवा संकल्प अभियान–2026 के तहत भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की ओर से टीपी नगर स्थित साडा कन्या शाला में ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक में स्कूली बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

बच्चों ने अभिनय, संवाद और मंचन के माध्यम से सेवा, समर्पण, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया। प्रधानमंत्री के जीवन एवं विभिन्न कार्यों से जुड़े विषयों पर बच्चों ने 13 अलग-अलग प्रस्तुतियां तैयार की थीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण से जुड़े विषयों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। ऐसी प्रस्तुतियों से बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को आगे बढ़ाया गया है। बच्चों ने अपने नाटक के माध्यम से सेवा और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
बच्चों को किया गया सम्मानित
नाट्य प्रस्तुति के समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर, योगेश जैन, संतोषी दीवान, अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, डॉ. राजेश राठौर सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षिकाएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से बच्चों ने सेवा, संस्कार, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया। बच्चों को सम्मानित किए जाने से उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिला।
संत रविदास के समरसता संदेश को घर-घर पहुंचाएगी भाजपा : भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी

