बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर, विधायकों-सांसदों और मंत्रियों के साथ आगामी रणनीति पर की चर्चा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठकों में उन्होंने विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और पार्टी के कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और आगामी रणनीति पर चर्चा की।

स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पद और जिम्मेदारियां समय के साथ बदलती रहती हैं, लेकिन कार्यकर्ता संगठन की स्थायी पूंजी होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक जीवन में अनुशासन, सादगी और जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का व्यवहार पार्टी की छवि से जुड़ा होता है। इसलिए आम लोगों के बीच संगठन की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना जरूरी है।
सोशल मीडिया के साथ जनसंपर्क भी जरूरी
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यम जनता से संवाद के महत्वपूर्ण साधन हैं, लेकिन इनसे जमीनी संपर्क की भरपाई नहीं हो सकती। कार्यकर्ताओं को गांवों, पारा-टोलों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए। बैठक में छत्तीसगढ़ के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। स्मृति ईरानी ने कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना पार्टी की जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर ध्यान देना होगा।
विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ हुई बैठकें
प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिनभर अलग-अलग सत्रों में बैठकें आयोजित की गईं। विधायकों के साथ सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता से संवाद पर चर्चा हुई। सांसदों के साथ संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की समीक्षा की गई। वहीं, प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ सरकार की योजनाओं और उनके प्रचार-प्रसार से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। दिन के अंतिम सत्र में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठकों के माध्यम से संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
रायपुर पहुंचीं स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया स्वागत

