मोदी-शाह के बार-बार बस्तर दौरे से जनता को क्या मिला? भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, राहुल गांधी की बहस चुनौती स्वीकारने की दी नसीहत

      Date:

      • नक्सलमुक्त पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने के वादे का मांगा हिसाब, बस्तर की संपत्ति अडाणी को सौंपने की साजिश का लगाया आरोप

      दुर्ग-भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे और नक्सलवाद को लेकर दिए गए बयान पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखा पलटवार किया है। दुर्ग के जंजगिरी गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लगातार बस्तर दौरे पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इन दौरों से आखिर बस्तर की जनता को क्या हासिल हुआ है? उन्होंने भाजपा सरकार से नक्सलमुक्त पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा का हिसाब भी मांगा।

          भूपेश बघेल ने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में नक्सलवाद कमजोर हुआ था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में नक्सलवाद चरम पर था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री लगातार बस्तर पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां के विकास और आम जनता को मिल रहे लाभ के बारे में सरकार को जवाब देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने घोषणा की थी कि नक्सलमुक्त होने वाली प्रत्येक पंचायत को एक करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। अब सरकार को बताना चाहिए कि यह राशि कहां है और कितनी पंचायतों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलवाद के नाम पर माहौल बनाया जा रहा है, ताकि बस्तर की प्राकृतिक संपदा और संसाधनों को अडाणी को सौंपा जा सके।

          ‘दिमागी नक्सली’ बयान पर भी किया पलटवार

          प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संस्थाओं और राजनीतिक दलों में दिमागी नक्सलियों के मौजूद होने संबंधी बयान पर भी बघेल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने इस बयान को लेकर भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधा। भूपेश बघेल ने भाजपा नेताओं के नारों और बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने राजनांदगांव में दिए गए नारों से लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के कांग्रेस संबंधी बयान पर टिप्पणी की। साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और बिहार के मुख्यमंत्री के बयानों का उल्लेख करते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा।

          राहुल गांधी की बहस चुनौती स्वीकारने की कही बात

          पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राहुल गांधी की बहस की चुनौती स्वीकार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह राहुल गांधी को संसद में बहस की चुनौती देते हैं, वहीं दूसरी तरफ संसद के दिसंबर सत्र में संबंधित मुद्दे पर चर्चा से इनकार किया गया। बघेल ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी पर आरोप लगाए हैं और राहुल गांधी ने खुलकर बहस की चुनौती दी है, तो प्रधानमंत्री को सामने आकर चर्चा करनी चाहिए। केवल चुनौती देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि मुद्दों पर जवाब भी देना होगा।

          तीन करोड़ घुसपैठियों के दावे पर भी मांगा जवाब

          भूपेश बघेल ने देश में तीन करोड़ घुसपैठियों के मौजूद होने के दावे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार को 12 वर्ष हो चुके हैं। यदि देश में इतनी बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक मौजूद हैं, तो सरकार ने उन्हें बाहर निकालने के लिए अब तक क्या कदम उठाए हैं? उन्होंने केंद्र सरकार से इस संबंध में स्पष्ट जवाब देने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास, नक्सलमुक्त पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा और घुसपैठियों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राहुल गांधी की बहस की चुनौती स्वीकार करने की मांग दोहराई।

          पाटन चुनाव याचिका में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अर्जी खारिज, अब होगी विजय बघेल की गवाही

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related