ONGC में 3047 पदों पर निकली बंपर भर्ती, 10वीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं को मौका

      Date:

      • 20 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, बिना लिखित परीक्षा शैक्षणिक अंकों के आधार पर होगा चयन

      नई दिल्ली (एजेंसी)।  सरकारी क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड (ONGC) ने वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिस के कुल 3047 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती में दसवीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 20 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

          ओएनजीसी की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार यह भर्ती देश के विभिन्न कार्य केंद्रों के लिए की जा रही है। इसके तहत ट्रेड अप्रेंटिस, डिप्लोमा अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पद भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 29 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इस भर्ती के तहत देश के छह क्षेत्रों में रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इनमें पश्चिमी क्षेत्र में सबसे अधिक 1166 पद, पूर्वी क्षेत्र में 674, मुंबई क्षेत्र में 482, दक्षिणी क्षेत्र में 269, मध्य क्षेत्र में 267 और उत्तरी क्षेत्र में 191 पद शामिल हैं। इस प्रकार कुल 3047 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

          शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

          अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। ट्रेड अप्रेंटिस के लिए संबंधित ट्रेड में दसवीं, बारहवीं या आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए संबंधित विषय में तीन वर्षीय डिप्लोमा तथा स्नातक अप्रेंटिस के लिए संबंधित विषय में स्नातक की डिग्री आवश्यक है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

          प्रतिमाह मिलेगा 8200 से 12300 रुपये तक मानदेय

          चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

          • स्नातक अप्रेंटिस : 12,300 रुपये

          • डिप्लोमा अप्रेंटिस : 10,900 रुपये

          • दो वर्षीय आईटीआई : 10,560 रुपये

          • एक वर्षीय आईटीआई : 9,600 रुपये

          • दसवीं एवं बारहवीं उत्तीर्ण : 8,200 रुपये

          बिना लिखित परीक्षा होगा चयन

          इस भर्ती में अभ्यर्थियों का चयन संबंधित शैक्षणिक योग्यता में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची से किया जाएगा। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन होगा। मेरिट सूची जारी करने की संभावित तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार ओएनजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ट्रेड के अनुसार आवेदन राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) और राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एनएटीएस) के पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              नोटिस का जवाब नहीं देने पर पटवारी निलंबित, विभागीय जांच शुरू

              एमसीबी (AkhandBharatHNKP.Com)। तहसील खड़गवां में पदस्थ पटवारी चन्द्र विजय...