25 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह मिलेगा 12,300 से 15,000 रुपये तक मानदेय
नई दिल्ली (एजेंसी)। बैंकिंग क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन बैंक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिस के 1500 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
बैंक की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह भर्ती देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में की जाएगी। इसके लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को बैंक की विभिन्न शाखाओं में एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी की आयु 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 नवंबर 2026 की स्थिति में की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
प्रतिमाह मिलेगा 12,300 से 15,000 रुपये तक मानदेय
अप्रेंटिसशिप के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के स्थान के अनुसार प्रतिमाह 12,300 से 15,000 रुपये तक मानदेय दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन वस्तुनिष्ठ परीक्षा, स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सकीय जांच के आधार पर किया जाएगा। संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना भी आवश्यक है।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार इंडियन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से संबंधित अधिसूचना पढ़ सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एनएटीएस 2.0) पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
कुल पद: 1500
योग्यता: स्नातक
आयु सीमा: 20 से 28 वर्ष
आवेदन शुरू: 5 नवंबर 2026
अंतिम तिथि: 25 नवंबर 2026
प्रशिक्षण अवधि: एक वर्ष
आधिकारिक वेबसाइट: इंडियन बैंक
इंडियन बैंक में 350 पदों पर भर्ती, सैलरी 1 लाख से ज्यादा

