हादसे से पहले लोको पायलट का वीडियो आया सामने, बोले- सिग्नल रेड है, ब्रेक काम नहीं कर रहे, रेलवे ने दूसरी ट्रेन से यात्रियों को भेजने की व्यवस्था की
गुवाहाटी (एजेंसी)। असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डिगारू स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी रेल लाइन पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की गति कम नहीं हो सकी और वह पटरी के अंतिम छोर पर बने अवरोधक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। कुछ डिब्बे दूसरे ट्रैक और आसपास की जमीन पर जा टिके। इस दुर्घटना के बाद लोको पायलट केबिन का एक वीडियो सामने आया है, जो हादसे से ठीक पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में लोको पायलट यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि ट्रेन के नियंत्रण उपकरण काम नहीं कर रहे हैं। वह बार-बार सिग्नल लाल होने और आपातकालीन व्यवस्था के बावजूद ब्रेक नहीं लगने की बात कह रहे हैं। वीडियो में लोको पायलट कहते सुनाई देते हैं कि ‘कुछ भी काम नहीं कर रहा है। सिग्नल रेड हैं। इमरजेंसी लगा हुआ है, लेकिन काम नहीं कर रहा। एस-9 और ए-9 भी काम नहीं कर रहे हैं।’ ये ब्रेक प्रणाली से जुड़े उपकरण बताए जा रहे हैं।
मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीम
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की। क्षतिग्रस्त डिब्बों से यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। लोको पायलट के वीडियो में ब्रेक प्रणाली में खराबी की बात सामने आने के बाद इस पहलू को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

