करीब 10.85 लाख करोड़ रुपये की पारिवारिक संपत्ति के मालिक गौतम अडाणी ने तैयार की अगली पीढ़ी की टीम, कारोबार सौंपने की समयसीमा का नहीं किया खुलासा
नई दिल्ली (एजेंसी)। देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल अडाणी समूह के संस्थापक और अध्यक्ष गौतम अडाणी ने अपने विशाल कारोबारी साम्राज्य की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए उन्होंने परिवार के चार सदस्यों को चुना है। इनमें उनके दो बेटे करण अडाणी और जीत अडाणी के साथ दो भतीजे प्रणव अडाणी और सागर अडाणी शामिल हैं। हालांकि, इन चारों को समूह का पूर्ण नियंत्रण कब सौंपा जाएगा, इसकी समयसीमा अभी स्पष्ट नहीं की गई है।
64 वर्षीय गौतम अडाणी ने एक साक्षात्कार में कहा कि अगली पीढ़ी को नेतृत्व विरासत में नहीं मिलता, बल्कि उसे नेतृत्व की जिम्मेदारी विरासत में मिलती है और उसे अपनी क्षमता के आधार पर इसे हासिल करना होता है। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि वे समूह के भविष्य की कमान सौंपने के लिए परिवार के युवा सदस्यों को तैयार कर रहे हैं। अडाणी परिवार की अगली पीढ़ी के चारों सदस्य पहले से ही समूह के महत्वपूर्ण कारोबारों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
करण अडाणी : गौतम अडाणी के बड़े बेटे करण की उम्र 39 वर्ष है। उन्होंने वर्ष 2009 में मुंद्रा बंदरगाह से समूह के साथ अपने कारोबारी सफर की शुरुआत की थी। वर्ष 2016 में वे अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने। वर्तमान में वे समूह के बंदरगाह कारोबार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
जीत अडाणी : गौतम अडाणी के छोटे बेटे जीत की उम्र 29 वर्ष है। वे वर्ष 2019 में समूह से जुड़े थे। उन्होंने मुख्य वित्तीय अधिकारी के कार्यालय से अपना कार्य शुरू किया। वर्तमान में वे अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड में निदेशक हैं। यह कंपनी देश के आठ हवाई अड्डों का संचालन करती है।
प्रणव अडाणी : गौतम अडाणी के भतीजे प्रणव की उम्र 48 वर्ष है। वे अडाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक होने के साथ कृषि, तेल और गैस कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1999 में अडाणी समूह से जुड़े कृषि जिंस कारोबार के माध्यम से अपनी नेतृत्व यात्रा शुरू की थी। समूह में उन्हें करीब 27 वर्षों का अनुभव है।
सागर अडाणी : गौतम अडाणी के दूसरे भतीजे सागर की उम्र 32 वर्ष है। वे अडाणी ग्रीन एनर्जी के कार्यकारी निदेशक हैं। अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई के बाद वर्ष 2015 में समूह से जुड़े थे। उन्हें कंपनी के सौर और पवन ऊर्जा कारोबार के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है।
अडाणी परिवार देश के सबसे अमीर कारोबारी परिवारों में शामिल
फोर्ब्स की वर्ष 2026 की भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की सूची में गौतम अडाणी तीन साल बाद फिर पहले स्थान पर पहुंचे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडाणी और उनके परिवार की कुल संपत्ति करीब 10.85 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। पिछले वर्ष की तुलना में उनकी संपत्ति में लगभग 1.99 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी संपत्ति करीब 8.30 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। अडाणी समूह की शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार मूल्य भी 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। ऐसे में परिवार के चार सदस्यों को उत्तराधिकारी के रूप में तैयार करना समूह के भविष्य के लिहाज से बड़ा कारोबारी कदम माना जा रहा है। हालांकि, गौतम अडाणी कब और किस तरह समूह की पूरी जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपेंगे, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
गौतम अडाणी बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति, मुकेश अंबानी को छोड़ा पीछे

