देशभर के वाहन चालक करेंगे एक दिवसीय हड़ताल, रायपुर के 926 निजी स्कूलों के हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों की बढ़ेगी परेशानी
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। दीपावली की छुट्टियों के बाद 12 नवंबर से स्कूल खुलने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। देशभर में वाहन चालकों की प्रस्तावित हड़ताल के चलते निजी स्कूलों की बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में 12 नवंबर को वाहन चालक ‘स्टीयरिंग छोड़ो अभियान’ के तहत हड़ताल पर रहेंगे। इसके चलते कई निजी स्कूलों में भी अवकाश रखने की तैयारी की गई है।
अखिल भारतीय ड्राइवर संयुक्त समिति के आह्वान पर 12 नवंबर 2026 को देशभर में एक दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया गया है। वाहन चालक लंबे समय से लंबित मांगों, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस हड़ताल में बस, ट्रक सहित विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक वाहन चलाने वाले चालक शामिल होंगे। हड़ताल का सीधा असर स्कूल बसों के संचालन पर भी पड़ने की संभावना है। निजी स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को संदेश भेजकर 12 नवंबर को बस सेवा बंद रहने की जानकारी देनी शुरू कर दी है।
रायपुर में 926 निजी स्कूल, करीब एक हजार बसें
राजधानी रायपुर में लगभग 926 निजी विद्यालय संचालित हैं। इनमें विद्यार्थियों के आवागमन के लिए करीब एक हजार बसें चलाई जाती हैं। वहीं, पूरे छत्तीसगढ़ में निजी स्कूलों की लगभग आठ हजार बसें संचालित होने की जानकारी दी गई है। बड़े और मध्यम स्तर के निजी स्कूलों में बसों के माध्यम से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचते हैं। ऐसे में चालकों की हड़ताल के कारण इन विद्यालयों की नियमित व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। छोटे निजी स्कूल, जहां बस सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे अपने विद्यालय खुले रख सकते हैं।
अभिभावकों को भेजे जा रहे संदेश
दीपावली अवकाश 11 नवंबर तक घोषित किया गया है। इसके बाद 12 नवंबर से विद्यालयों में नियमित कक्षाएं शुरू होनी थीं। लेकिन वाहन चालकों की हड़ताल को देखते हुए कई निजी स्कूलों ने छुट्टी रखने की तैयारी की है। हालांकि, सभी निजी विद्यालयों की ओर से एक साथ आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। अभिभावकों को अलग-अलग माध्यमों से संदेश भेजे जा रहे हैं। वहीं, सरकारी विद्यालयों के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खुलने की जानकारी है। ऐसे में 12 नवंबर को निजी स्कूलों में बस संचालन और अवकाश को लेकर अभिभावकों को संबंधित विद्यालयों से सूचना प्राप्त करने की सलाह दी जा रही है।

