कलेक्टर ने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की, कोचियों-बिचौलियों से धान खरीदी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद्य, सहकारिता और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा धान उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता वाली योजना है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही, अनियमितता या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में कोचियों, बिचौलियों और व्यापारियों से धान की खरीदी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। दूसरे जिलों से अवैध धान की आवक और अवैध खरीदी-बिक्री पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए। अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में सोमवार से शुक्रवार तक खरीदी होगी। शासकीय अवकाश के दिनों में केंद्र बंद रहेंगे। एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीकृत किसानों से ही धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किसान ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं, जो गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।
कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को सभी केंद्रों में बिजली, इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और नमी मापक यंत्र सहित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नए उपार्जन केंद्रों में समय रहते विद्युत और इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराने को भी कहा। किसानों के बैठने के लिए कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान, शौचालय और चिकित्सा किट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला खाद्य अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी, विभिन्न शाखाओं एवं समितियों के प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बारदानों और तौल व्यवस्था पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने समितियों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के बारदानों और नए बारदानों की निर्धारित अनुपात में उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बारदानों पर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27, समिति का नाम और पंजीयन क्रमांक स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। सभी समितियों में स्टेंसिल की स्थिति की जांच करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने धान की स्टैकिंग निर्धारित क्रम में डबल डेनेज के साथ पिरामिड आकार में कराने को कहा। अधिक आवक होने पर तौल कांटों की संख्या बढ़ाने और बफर लिमिट पूरी होने की स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि धान का उठाव खरीदी पूरी होने के बाद किया जाएगा।
एक क्विंटल धान बेचने वाले किसान को भी मिलेगा आदान सहायता का लाभ
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी और उपार्जन केंद्रों में बैनर-पोस्टर के माध्यम से धान खरीदी से जुड़े नियमों एवं शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। बैठक में बताया गया कि कृषक उन्नति योजना के तहत एक एकड़ में एक क्विंटल धान बेचने वाले किसान को भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। यह राशि धान विक्रय के भुगतान के साथ दी जाएगी। अधिकारियों को किसानों को इस संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

