स्कूल में बच्चों से कराई जा रही थी मजदूरी, झाड़ू लगाते और दीवारों की मरम्मत करते दिखे मासूम, वीडियो वायरल

      Date:

      • जांजगीर-चांपा के कोटमी सोनार स्कूल का वीडियो वायरल, पहली से पांचवीं तक के बच्चों से कराए जा रहे थे सफाई और सीमेंट लगाने के काम, शिक्षा विभाग ने जांच के दिए निर्देश

          जांजगीर-चांपा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के दावों के बीच जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पहली से पांचवीं कक्षा तक में पढ़ने वाले मासूम बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय स्कूल की सफाई और दीवारों की मरम्मत जैसे काम कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

          मामला कोटमी सोनार के बाजार पारा स्थित शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर कक्षाओं की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ बच्चे दीवारों में आई दरारों को सीमेंट से भरते और मरम्मत करने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं। कम उम्र के बच्चों से इस तरह के काम कराए जाने की तस्वीरों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, गांव के ही एक युवक ने स्कूल परिसर में बच्चों से कराए जा रहे इन कामों का वीडियो बनाया था। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो में बच्चों को कक्षाओं की सफाई करते और दीवारों की दरारों में सीमेंट लगाते देखा जा सकता है। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, उस उम्र में उनसे मरम्मत जैसे काम कराए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।

          अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

          वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों को स्कूल शिक्षा प्राप्त करने के लिए भेजा जाता है, न कि उनसे सफाई और निर्माण कार्य कराने के लिए। यदि स्कूल में मरम्मत और साफ-सफाई की आवश्यकता थी, तो इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों या अन्य व्यवस्था का सहारा लिया जाना चाहिए था। छोटे बच्चों से इस तरह के काम कराया जाना उनकी सुरक्षा के लिहाज से भी चिंताजनक है।

          डीईओ ने लिया संज्ञान, जांच के बाद होगी कार्रवाई

          मामले को जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराने की बात कही है। डीईओ के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। फिलहाल इस मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छोटे बच्चों से सफाई और दीवारों की मरम्मत का काम किन परिस्थितियों में कराया गया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। अब सबकी नजर शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर टिकी है।

          प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एआई की एंट्री, अब टेक्नोलॉजी से सुधरेगी बच्चों की पढ़ाई

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related