45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का भव्य आयोजन, लोकनृत्यों और पारंपरिक कलाओं ने मोहा दर्शकों का मन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मेले में हुए शामिल
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और विकास की संभावनाओं की शानदार झलक देखने को मिली। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की बदलती पहचान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से विकास की व्यापक संभावनाएं रखता है। प्रदेश में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर हैं। नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कृषि आधारित उद्योगों और लघु वनोपज के प्रसंस्करण पर जोर देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में विकास से स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की असली ताकत किसान, युवा, महिलाएं और कुशल शिल्पकार हैं। युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के साथ महिला स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बड़े बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है।
नक्सलवाद की चर्चा से विकास की नई पहचान तक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान में बदलाव आ रहा है। जिस बस्तर और प्रदेश की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है। भारत मंडपम में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की झलक इसी बदलाव को दर्शाती है। यहां परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक अवसरों का संगम दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने रखने का अवसर मिला है। साय ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे पारंपरिक नृत्य प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता के प्रतीक हैं। लोक कलाकारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी इन परंपराओं को सहेजकर रखा है। ऐसे आयोजन लोगों को छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
लोकनृत्यों ने बिखेरे छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग
भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रदेश के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने मांदर, ढोल और अन्य लोक वाद्ययंत्रों की धुन पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं की झलक दिखाई गई। गौरा-गौरी नृत्य ने लोक आस्था और धार्मिक परंपराओं को प्रस्तुत किया, जबकि भोजली नृत्य में कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना दिखाई दी। राउत नाचा ने अपनी विशिष्ट नृत्य शैली से दर्शकों का ध्यान खींचा। इसी तरह सुआ नृत्य में महिलाओं की पारंपरिक सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, पंथी नृत्य में सतनामी समाज की आध्यात्मिक परंपरा और करमा नृत्य में प्रकृति तथा सामूहिक उत्सव की झलक देखने को मिली। अलग-अलग अंचलों की इन प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर जीवंत कर दिया।
छत्तीसगढ़ पवेलियन में दिखी स्थानीय कला और उत्पादों की झलक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय विशेषताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बस्तर की पारंपरिक बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों का अवलोकन किया। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कला और उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के प्रयासों की सराहना की। पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का त्रि-आयामी आभासी अनुभव भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस तकनीक के माध्यम से आगंतुकों को बस्तर के प्रसिद्ध जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे पर्यटन को बढ़ावा देने का अभिनव प्रयास बताया।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय और वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज भी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा दिल्ली में पदस्थ राज्य के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। भारत मंडपम में आयोजित इस समारोह ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, लोक कलाओं, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लेकर आधुनिक तकनीक के जरिए पर्यटन स्थलों के प्रदर्शन तक, आयोजन में प्रदेश की परंपरा और विकास की तस्वीर एक साथ दिखाई दी।
नई दिल्ली भारत मंडपम में सजेगा छत्तीसगढ़ का भव्य पवेलियन

