रसोई गैस की कीमतों की होगी समीक्षा, एसबीआई कार्ड पर लगेगा अतिरिक्त शुल्क; टाटा की गाड़ियां भी हो सकती हैं महंगी, जीएसटी और शेयर बाजार से जुड़े नियमों में भी बदलाव
नई दिल्ली (एजेंसी)। नवंबर का महीना समाप्त होने के साथ ही 1 दिसंबर 2026 से देश में कई महत्वपूर्ण आर्थिक और वित्तीय बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इनका सीधा असर आम आदमी की जेब, घरेलू बजट, वाहन खरीदने वालों और कारोबारियों पर पड़ सकता है। नए महीने में एलपीजी सिलेंडर और हवाई ईंधन की कीमतों की समीक्षा होगी। वहीं एसबीआई क्रेडिट कार्ड के कुछ लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगेगा। इसके अलावा टाटा मोटर्स की कारों की कीमतों में बढ़ोतरी, कमोडिटी कारोबार के मार्जिन नियम और जीएसटी पंजीयन रद्द करने की प्रक्रिया में भी बदलाव होने जा रहा है।
हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेल कंपनियां रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 दिसंबर को भी घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर के नए दाम जारी हो सकते हैं। पिछले कुछ समय से 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक सिलेंडर की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जबकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के दाम लंबे समय से स्थिर हैं। इसके साथ ही विमानन ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में भी संशोधन हो सकता है।
एसबीआई क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए भी दिसंबर से नया नियम लागू होगा। 1 दिसंबर से 30 हजार रुपये से अधिक के परिवहन संबंधी लेनदेन और 50 हजार रुपये से ज्यादा के ईंधन खर्च पर एक प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। ऐसे में अधिक राशि का भुगतान क्रेडिट कार्ड से करने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को भी झटका लग सकता है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 दिसंबर से प्रभावी होगी। इसके दायरे में पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक कारों के साथ एसयूवी भी शामिल हैं। अलग-अलग मॉडल और संस्करण के अनुसार कीमतें बढ़ाई जाएंगी। अनुमान के मुताबिक गाड़ियों के दाम में करीब 0.5 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है।
शेयर बाजार और कमोडिटी कारोबार से जुड़े लोगों के लिए भी नया बदलाव होने जा रहा है। बाजार नियामक सेबी के नए मार्जिन नियम 1 दिसंबर से लागू होंगे। इसके तहत कमोडिटी की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के आधार पर कारोबारियों को शुरुआती मार्जिन जमा करना होगा। नए प्रावधान के अनुसार कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर 6 प्रतिशत, मध्यम उतार-चढ़ाव वाली पर 8 प्रतिशत और अत्यधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर 10 प्रतिशत मार्जिन रखना अनिवार्य होगा। जीएसटी करदाताओं के लिए भी दिसंबर से प्रक्रिया में बदलाव होने जा रहा है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड ने केंद्रीय जीएसटी नियम 2017 में संशोधन किया है। इसके तहत 1 दिसंबर से जीएसटी पंजीयन रद्द कराने के आवेदनों की प्रक्रिया में बदलाव लागू होगा।
नई व्यवस्था में पात्र आवेदनों का निपटारा जीएसटी साझा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा। वहीं जिन मामलों में जीएसटी विवरणियां लंबित हैं या कर की राशि बकाया है, उन्हें जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। दिसंबर की शुरुआत के साथ होने वाले इन पांच बदलावों में कुछ सीधे आम उपभोक्ताओं को प्रभावित करेंगे, जबकि कुछ का असर कारोबार और वित्तीय गतिविधियों पर पड़ेगा। ऐसे में महीने की शुरुआत से पहले इन नियमों की जानकारी रखना जरूरी होगा, ताकि लोग अपने खर्च और आर्थिक योजनाओं को उसी के अनुसार व्यवस्थित कर सकें।

