कुलगाम में पेड़ों से लेकर पानी की पाइपलाइनों तक जमने लगा पानी, फतेहपुर में पारा 4.3 डिग्री और एमपी के करौंदी में 6.8 डिग्री पहुंचा; छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में भी 8.8 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
नई दिल्ली (एजेंसी)। नवंबर का महीना समाप्त होने से पहले ही देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जम्मू-कश्मीर में सर्दी का असर इतना बढ़ गया है कि जलस्रोतों और पानी की पाइपलाइनों में पानी जमने लगा है। श्रीनगर में गुरुवार की रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत सहित 13 राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

जम्मू-कश्मीर में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। कुलगाम में पेड़ों की टहनियों पर बर्फ जमने लगी है। कई जगह जलस्रोतों और पानी की पाइपलाइनों में भी पानी जमने की स्थिति बन गई है। ठंड बढ़ने से स्थानीय जनजीवन के साथ पर्यटकों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश के कटनी जिले के करौंदी में पारा 6.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने राजस्थान के पांच जिलों और मध्य प्रदेश के भोपाल, शाजापुर, दमोह तथा कटनी में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में सीकर, अजमेर, टोंक, बूंदी और कोटा में ठंडी हवाओं का असर बढ़ने की संभावना है। मध्य प्रदेश के भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के 10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।
13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा सहित 13 राज्यों में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के 20 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। बलरामपुर में दृश्यता घटकर 10 मीटर तक पहुंच गई। हरियाणा के हिसार में पारा 7.2 डिग्री और पंजाब के फरीदकोट में 7.1 डिग्री दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़ में भी बढ़ी ठिठुरन, बलरामपुर में 8.8 डिग्री
छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के बाद ठंड का असर बढ़ गया है। बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सूरजपुर में 9.4 और सरगुजा में 9.2 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मैदानी इलाकों में भी सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी सर्दी का असर तेज हो गया है। प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सोलन में पारा 3.6 डिग्री और चंबा में 4.8 डिग्री रहा, जबकि शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में 30 नवंबर तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में दृश्यता 50 मीटर तक कम हो सकती है।
बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम
बिहार में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है, जबकि दोपहर में धूप से लोगों को राहत मिल रही है। अरवल में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। झारखंड में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। रांची में पारा 11 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड के हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कोहरा छाने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बादल और पाला पड़ने का असर देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर
देश के दक्षिणी हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में लगातार बारिश से जलभराव की स्थिति बनी, जबकि तमिलनाडु के तिरुचेंदुर में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री तक पहुंच गया है। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। ठंड के साथ राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या भी बनी हुई है। गुरुवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 224 दर्ज किया गया। इसके साथ ही हवा लगातार 12वें दिन खराब श्रेणी में बनी रही। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस संबंधी परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर, अगले तीन दिन शीत लहर की चेतावनी

