दो दिनों में सोना 4,278 और चांदी 10,330 रुपए महंगी, बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी
नई दिल्ली (एजेंसी)। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, शुक्रवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 2,675 रुपए बढ़कर 1.25 लाख रुपए के पार पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को सोना करीब 1.23 लाख रुपए पर था।
वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ा उछाल आया है। एक किलो चांदी शुक्रवार को 5,928 रुपए महंगी होकर 1.53 लाख रुपए पर पहुंच गई। गुरुवार को इसका भाव करीब 1.47 लाख रुपए था। इस तरह बीते दो दिनों में सोना 4,278 रुपए और चांदी 10,330 रुपए महंगी हो चुकी है। देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में अंतर देखने को मिलता है। इसके पीछे कई कारण हैं। एक शहर से दूसरे शहर तक सोना पहुंचाने में परिवहन और सुरक्षा का खर्च जुड़ता है। इसके अलावा स्थानीय मांग और आपूर्ति, ज्वेलरी कारोबारियों की खरीद दर तथा पुराने स्टॉक की कीमत भी बाजार भाव को प्रभावित करती है। दक्षिण भारत में सोने की खपत अधिक होने के कारण वहां खरीदारी का स्तर भी कीमतों पर असर डालता है।
इस साल कीमतों में आया बड़ा उतार-चढ़ाव
सोने और चांदी के भाव में इस साल लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.33 लाख रुपए थी। 29 जनवरी को यह बढ़कर 1.76 लाख रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह चांदी का भाव 31 दिसंबर 2025 को करीब 2.30 लाख रुपए प्रति किलो था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.80 लाख रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट आई। हालांकि हाल के दो दिनों में दोनों कीमती धातुओं के भाव में फिर तेजी दर्ज की गई है।
सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, चांदी 9,100 रुपये टूटी, 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंची

