झारखंड में दर्दनाक हादसा : घायल स्कूटी सवार की मदद कर रहे ग्रामीणों को ट्रक ने रौंदा, 3 बच्चों समेत 7 की मौत

      Date:

      खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने खुशियों से भरे एक गांव को मातम में बदल दिया। कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सड़क पर स्कूटी फिसलकर झाड़ियों में गिर गई थी। घायल स्कूटी सवार की मदद के लिए आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया।

          जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी घायल स्कूटी चालक की मदद करने के लिए सड़क किनारे एकत्रित हुए थे। इसी बीच तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग दूर जा गिरे। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

          पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा फंसा ट्रक

          ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। लोगों को कुचलने के बाद वाहन सड़क किनारे बनी पुलिया को तोड़ते हुए आगे गड्ढे में जा फंसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

          अस्पताल में 12 वर्षीय बच्चे ने भी तोड़ा दम

          हादसे की सूचना मिलते ही कर्रा और तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों और मृतकों को खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय सौरभ नायक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, खुशबू कुमारी नाम की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

          ट्रक जब्त, फरार चालक और खलासी की तलाश

          पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक क्रमांक जेएच 02 एजे 1377 को जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। फरार चालक और खलासी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिन ग्रामीणों ने घायल की मदद के लिए घरों से बाहर कदम रखा था, वे खुद हादसे का शिकार हो गए। कई परिवारों में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

          रायपुर- नागपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत, 3 घायल

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related