टी.पी.नगर स्थित राजीव गांधी आडिटोरियम में 1000 से अधिक महिलाओं की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। महापौर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम और नारी शक्ति वंदन अधिनियम विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण, महिला सुरक्षा, शिक्षा, कौशल विकास और स्वावलंबन को समर्पित है। इससे महिलाओं को समाज और राजनीति में नई पहचान मिलेगी नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत महिला सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं ने भाग लिया।

इस दौरान मानव श्रृंखला बनाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर महिलाओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर वीना शर्मा, रूखमणी नायर, प्रीति स्वर्णकार, संतोषी दीवान, ज्योति पाण्डेय, वैशाली रत्नपारखी, सारिका यादव, पुष्पा नवरंग, रजनी मौर्य, नागज्योति राठौर, शिल्पा दाडेकर, बबीता उपाध्याय, वंदना गुप्ता, कल्पना पाण्डेय, सुमन तिवारी, मीनू त्रिवेदी, विजयलक्ष्मी तिवारी, ऋषि सचदेवा, सुधा दुबे, श्रीमती शिव आदि के साथ काफी संख्या में महिलायें उपस्थित थी।
महिलाओं ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, कामकाजी महिलाएं, गृहणियां तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की महिला हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना और उज्ज्वला योजना से लाभान्वित महिलाओं ने योजनाओं से मिले फायदे बताए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा महापौर संजूदेवी राजपूत के प्रति आभार व्यक्त किया।

