हैदराबाद एयरपोर्ट पर सीबीआई ने पकड़ा, सट्टा पैनल और कथित अवैध कमाई से जुड़े लेनदेन की जांच
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। ऑनलाइन महादेव सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई करते हुए कथित सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख सदस्यों में शामिल अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, दुबई से भारत लौटने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचते ही उसे गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई के मुताबिक, जांच में अभिषेक की भूमिका सट्टा पैनल के समन्वय, धन एकत्र करने और कथित अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने से जुड़ी सामने आई है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ सामग्री भी बरामद होने की बात जांच एजेंसी ने कही है। सीबीआई को आशंका है कि बरामद सामग्री महादेव सट्टा एप के संचालन से जुड़ी हो सकती है। जांच एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार अभिषेक कुमार कथित तौर पर महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था। मामले में सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और कथित तौर पर अर्जित रकम के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। सीबीआई के अनुसार, विदेश में मौजूद महादेव सट्टा एप के फरार आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई भी चल रही है।
अदालत ने दी ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां सीबीआई के आवेदन पर तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर हुई। इसके बाद उसे रायपुर की सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। महादेव सट्टा एप मामले में राज्य के अलग-अलग थानों में 13 प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। सीबीआई अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और कथित अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने की कार्रवाई जारी रखे हुए है।

