वार्ड 1 और 12 में नाव से आवाजाही, प्रभावित परिवार राहत शिविरों में भेजे गए
जांजगीर (AkhandBharatHNKP.Com)। महानदी में बढ़ते जलस्तर से जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। महानदी पर बना शबरी पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है और पुल के ऊपर से करीब छह फीट पानी बहने की जानकारी है। इसके चलते शिवरीनारायण से बलौदाबाजार, सारंगढ़ और रायपुर की ओर जाने वाले मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
बाढ़ का सबसे ज्यादा असर शिवरीनारायण के वार्ड नंबर 1 और 12 में दिखाई दे रहा है। निचली बस्तियों में पानी घुसने के बाद लोगों को आवाजाही के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाना शुरू कर दिया है। मेला मैदान, चौपाटी और मंदिर के आसपास के इलाके भी पानी में डूब गए हैं। इससे स्थानीय गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रख रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

