पसान थाने से फरार छेड़छाड़ का आरोपी तीन दिन बाद गिरफ्तार

      Date:

      • दिन में जंगल में छिपता था, रात को घर आता था; आधी रात पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा जिले के पसान थाना परिसर से फरार हुआ छेड़छाड़ का आरोपी खीरचंद (40) आखिरकार तीन दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी 22 सितंबर को पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया था। उसके खिलाफ पहले से छेड़छाड़ का मामला दर्ज था और स्थायी वारंट भी जारी था।

          पुलिस ने 22 सितंबर को खीरचंद को गिरफ्तार कर थाने लाया था। पूछताछ के दौरान उसने शौचालय जाने का बहाना बनाया और मौका मिलते ही थाने से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। फरारी के बाद आरोपी दिन के समय जंगल में छिपा रहता था। रात करीब 11 बजे चोरी-छिपे अपने घर पहुंचता और सुबह करीब 3 बजे दोबारा जंगल चला जाता था। घर में उसकी पत्नी और बच्चे रहते हैं।

          मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

          पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रात में अपने घर आता है। इसके बाद 25 सितंबर की आधी रात पसान पुलिस ने उसके घर की घेराबंदी कर दी और मौके से खीरचंद को गिरफ्तार कर लिया। पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अब उसके थाने से फरार होने की घटना को लेकर भी आगे की कार्रवाई कर रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related