कलेक्टर ने ली प्रेस वार्ता, जनगणना की तैयारियों और प्रक्रिया पर दी विस्तृत जानकारी, आम नागरिकों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल तरीके से कराई जाएगी, जिससे आंकड़ों की सटीकता, पारदर्शिता और प्रक्रिया की गति बढ़ेगी। उन्होंने इसे विकास की मजबूत नींव बताते हुए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कलेक्टर ने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक स्वयं अपने मोबाइल या अन्य डिजिटल माध्यम से स्व-गणना कर सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर से पंजीयन कर जानकारी दर्ज की जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक जिले में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। प्रगणक नागरिकों द्वारा दर्ज जानकारी का मिलान करेंगे, जिससे आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने बताया कि जिले में जनगणना कार्य के लिए 24 चार्ज अधिकारी, 2073 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक तथा 2384 प्रगणक और सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इनके प्रशिक्षण का कार्य 24 अप्रैल तक पूरा किया जा रहा है। कुल लगभग 3 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना में लगाई गई है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, अपर आयुक्त विनय मिश्रा एवं डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारगण गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
दो चरणों में होगी जनगणना
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और उनका उपयोग केवल योजनाओं, संसाधनों के वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। कलेक्टर दुदावत ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। पहला चरण मई 2026 में स्व-गणना और मकान सूचीकरण का रहेगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें जनसंख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। अंत में कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना कर इस राष्ट्रीय अभियान में भाग लें और देश के विकास में योगदान दें।
भीषण गर्मी में जनगणना ड्यूटी का विरोध, शिक्षकों ने कहा- मई-जून में घर-घर सर्वे करना कठिन

