आरआरबी एनटीपीसी भर्ती में स्नातक डिग्री जरूरी, 33 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन; कई चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
नई दिल्ली (एजेंसी)। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे स्नातक युवाओं के लिए रोजगार का अवसर आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (एनटीपीसी) स्नातक स्तर भर्ती 2026 के लिए विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती के माध्यम से रेलवे के विभिन्न भर्ती बोर्डों में कुल 3477 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 6 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
स्नातक डिग्री होना जरूरी
इस भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों में अंतर हो सकता है। इसलिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित पद की विस्तृत अधिसूचना जरूर पढ़नी होगी। एनटीपीसी स्नातक स्तर भर्ती के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
वेतनमान भी आकर्षक
भर्ती के तहत रेलवे के विभिन्न गैर-तकनीकी पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए वेतनमान पे लेवल-5 और पे लेवल-6 के अनुसार निर्धारित किया जाएगा। पदवार रिक्तियों, वेतन और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी रेलवे की विस्तृत अधिसूचना में दी जाएगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अपने आधार कार्ड में दर्ज नाम और जन्मतिथि का मिलान दसवीं की अंकसूची या प्रमाणपत्र से कर लेना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया के दौरान आधार का सत्यापन किया जाएगा। आधार से सत्यापन नहीं होने की स्थिति में आगे की प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त जांच की जा सकती है।
कई चरणों में होगा चयन
रेलवे एनटीपीसी स्नातक स्तर भर्ती में अभ्यर्थियों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा-1 होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा-2 में शामिल होने का अवसर मिलेगा। पद के अनुसार कुछ अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित योग्यता परीक्षा या टंकण कौशल परीक्षा भी देनी पड़ सकती है। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और निर्धारित चिकित्सा परीक्षण कराया जाएगा। सभी चरणों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति रेलवे में संबंधित पद पर की जाएगी।
रेलवे में पैरामेडिकल के 560 पदों पर भर्ती, एज लिमिट 40 साल, बिना इंटरव्यू के होगा सिलेक्शन

