रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ सरकार ने लंबे समय से लंबित निगम, मंडल, आयोग और बोर्डों में नियुक्तियों की घोषणा कर दी है। जारी आदेश के तहत 13 विभिन्न संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों सहित कुल 25 जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इन नियुक्तियों के साथ ही कई महत्वपूर्ण संस्थानों में रिक्त पद भर दिए गए हैं।
सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार डॉ. ममता साहू को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं गौरीशंकर श्रीवास को छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष तथा देवशरण सेन को सदस्य बनाया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रामलाल चौहान को सौंपी गई है। आयोग में वेदराम मनहरे को उपाध्यक्ष तथा तीन अन्य सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। सरकार ने अन्य महत्वपूर्ण संस्थाओं में भी नई नियुक्तियां की हैं। छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद तथा सदस्य नेतराम निषाद बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत और सदस्य सुमन मुथा नियुक्त किए गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुधीर गौतम को सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में राजेंद्र नायक की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही बोर्ड में चार सदस्यों को भी स्थान दिया गया है।
आरडीए, श्रम कल्याण मंडल समेत कई संस्थाओं में नई नियुक्तियां
सरकार ने रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के उपाध्यक्ष पद पर डॉ. जे.पी. शर्मा को नियुक्त किया है। वहीं राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में मनमथ नाथ शर्मा को सदस्य तथा छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम में प्रसन्ना अवस्थी को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किशोर महानंद को सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में आनंद कुमार तिवारी (राजीव लोचन दास महाराज) तथा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर मंगल दास ठाकुर की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। सरकार के आदेश जारी होने के साथ ही विभिन्न निगम, मंडलों, आयोगों और बोर्डों में नई कार्यकारिणी का गठन शुरू हो गया है।

